छत्तीसगढ़ में टेंट उद्योग को मिलेगी नई रफ्तार, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 का उद्घाटन

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को रायपुर के लाभांडी में आयोजित CG Tent & Decor Expo-2026 का शुभारंभ किया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से किया गया, जिसमें टेंट और डेकोरेशन क्षेत्र से जुड़े व्यवसायियों ने आधुनिक उत्पादों, नए डिजाइनों और तकनीकों का प्रदर्शन किया।

उप मुख्यमंत्री ने एक्सपो का निरीक्षण कर यहां प्रदर्शित विभिन्न उत्पादों और सजावट की नई अवधारणाओं की जानकारी ली। उन्होंने टेंट एवं डेकोरेशन उद्योग में हो रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र तेजी से विकसित होकर एक मजबूत उद्योग के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि कम समय में किसी भी स्थान का स्वरूप बदल देना टेंट व्यवसायियों की रचनात्मकता और मेहनत का बेहतरीन उदाहरण है। नई थीम, आधुनिक तकनीक और बेहतर डिजाइन इस व्यवसाय को नई दिशा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह के एक्सपो देशभर के व्यवसायियों को एक मंच प्रदान करते हैं, जहां वे अपने अनुभव साझा करने के साथ व्यापार के नए अवसर तलाश सकते हैं। ऐसे आयोजन टेंट उद्योग के विस्तार के साथ राज्य की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन को एक्सपो के सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, टेंट एसोसिएशन के पदाधिकारी, देशभर से आए टेंट व्यवसायी और इस क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *