8 घंटे बाद नाले में बहे किशोर का मिला शव

कोरबा। जिले के बाकीमोगरा थाना क्षेत्र के खोलार नाले में 17 साल का नाबालिग लड़का बह गया। नदी में नहा रहे लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन बचा नहीं पाए। उन्होंने तुरंत परिजनों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

बांकीमोंगरा थाने के ASI जितेश सिंह ने बताया कि कोरई निवासी राजेंद्र मंझवार का बड़ा बेटा विनोद घर से निकला था। जब काफी समय तक वो वापस नहीं सौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान उन्हें पता चला कि विनोद नदी में बह गया है। पुलिस को खबर करने पर वो मौके पर पहुंची और नाबालिग की तलाश के लिए गोताखोरों को उतारा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।

सोमवार को पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 8 घंटे के बाद उसका शव बरामद हुआ। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि विनोद नदी के उस पार अकेले नहा रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसला और वो बह गया। वो उन लोगों से थोड़ा दूर था, इसलिए वे उसे बचा नहीं सके। ASI जितेश सिंह ने बताया कि नाबालिग के परिजनों का बयान दर्ज किया गया है। विनोद आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुका था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *