रायपुर । राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल के तकनीकी क्षेत्र की संभावनाओं को विकसित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने ग्रामोद्योग विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रदेश में तकनीकी वस्त्र उद्योग की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि तकनीकी वस्त्र उद्योग के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए शैक्षणिक एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों का आवश्यक सहयोग लिया जाए। इससे प्रदेश में इस क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने के साथ उद्योग की संभावनाओं को भी विस्तार दिया जा सकेगा।
एग्रो से स्मार्ट टेक्सटाइल तक संभावनाओं पर चर्चा
बैठक में ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारियों ने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत शिक्षा, प्रशिक्षण, कौशल विकास, बाजार विकास, अनुसंधान, नवाचार और विकास से जुड़े विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया।
इस दौरान एग्रो टेक्सटाइल, मेडिकल टेक्सटाइल, कंस्ट्रक्शन टेक्सटाइल, स्मार्ट टेक्सटाइल, स्पोर्ट्स होम एवं क्लाथ सहित तकनीकी वस्त्र के विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की गई।
विशेषज्ञों ने लिया हिस्सा
बैठक में ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्री राजेश सिंह राणा सहित उद्योग एवं वाणिज्य, तकनीकी शिक्षा, एनआईटी, कौशल विकास, उच्च शिक्षा और विश्वविद्यालयों के तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए। अधिकारियों ने तकनीकी वस्त्र क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार, प्रशिक्षण और बाजार विकास के लिए संभावित अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया।