ई-ऑफिस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित, स्वास्थ्य विभाग समेत कई विभागों को मिला सम्मान

रायपुर । मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित मासिक सम्मान कार्यक्रम में ई-ऑफिस के माध्यम से नस्तियों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण और कार्यालयीन समयबद्ध उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया। जुलाई माह के प्रदर्शन के आधार पर विभागों, विभागाध्यक्ष कार्यालयों और जिला कार्यालयों को भी सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ई-ऑफिस रैंकिंग में अव्वल

ई-ऑफिस में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को प्रथम, आदिम जाति विकास विभाग को द्वितीय और ग्रामोद्योग विभाग को तृतीय स्थान मिला। तीन माह की विभागीय ई-ऑफिस रैंकिंग में भी लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग प्रथम, गृह विभाग द्वितीय और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तृतीय स्थान पर रहा।

मुख्य सचिव ने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी ई-ऑफिस में लगातार बेहतर प्रदर्शन करें। उन्होंने आई-गाट के माध्यम से हर अधिकारी-कर्मचारी को विभागीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रत्येक माह कम से कम 3 से 4 कोर्स करने के निर्देश दिए।

ई-ऑफिस रैंकिंग में अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रदर्शन

संयुक्त सचिव से कनिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी की ई-ऑफिस रैंकिंग में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव श्री सच्चिदानंद आलोक प्रथम, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की संयुक्त सचिव श्रीमती जयश्री जैन द्वितीय और आदिम जाति विकास विभाग के संयुक्त सचिव श्री भूपेन्द्र कुमार राजपूत तृतीय रहे।

इसी तरह विभिन्न श्रेणियों में उप सचिव, अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी, सहायक अनुभाग अधिकारी और सचिवालय सहायकों सहित अन्य कर्मचारियों को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

तीन माह की ई-ऑफिस रैंकिंग में आदिम जाति विकास विभाग के संयुक्त सचिव श्री भूपेन्द्र कुमार राजपूत प्रथम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव श्री सच्चिदानंद आलोक द्वितीय और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की संयुक्त सचिव श्रीमती जयश्री जैन तृतीय रहीं।

अटेंडेंस रैंकिंग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन

तीन माह की अटेंडेंस रैंकिंग में उच्च शिक्षा विभाग के सहायक अनुभाग अधिकारी श्री लोक नारायण शर्मा प्रथम, सामान्य प्रशासन विभाग के भृत्य श्री राज कुमार सोरी द्वितीय और वरिष्ठ सचिवालय सहायक श्री मेलू राम ध्रुव तृतीय स्थान पर रहे।

जुलाई माह की अटेंडेंस रैंकिंग में भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रथम स्थान के लिए सम्मानित किया गया।

विभागाध्यक्ष और जिला कार्यालय भी सम्मानित

ई-ऑफिस रैंकिंग में विभागाध्यक्ष कार्यालयों की श्रेणी में उच्च शिक्षा विभाग की आयुक्त सुश्री रीता यादव प्रथम, आदिम जाति विकास विभाग के आयुक्त श्री डी. राहुल वेंकट द्वितीय और उच्च शिक्षा विभाग के अपर संचालक श्री जॉन तिग्गा तृतीय स्थान पर रहे।

जिला कार्यालयों की रैंकिंग में रायपुर की सहायक परियोजना अधिकारी सुश्री अनिता जैन प्रथम, सक्ती की सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर सुश्री नंदनी सोनी द्वितीय और रायपुर के नोडल अधिकारी श्री पंकज कुमार शर्मा तृतीय स्थान पर रहे।

आई-गाट में भी मिला सम्मान

आई-गाट रैंकिंग में बिलासपुर के आयुक्त कार्यालय के चौकीदार श्री गौतम कुमार देवांगन प्रथम, बलौदाबाजार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के व्याख्याता श्री प्रेम नारायण नायक द्वितीय और बालोद पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आरक्षक श्री दिनेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे। मुख्य सचिव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *