तमिलनाडु में नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत, अन्नामलाई ने बनाई ‘इधु नम्मा इयक्कम’

चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष K. Annamalai ने पार्टी से इस्तीफा देकर नई राजनीतिक पार्टी ‘इधु नम्मा इयक्कम’ के गठन का ऐलान किया है। अन्नामलाई ने दावा किया है कि पार्टी के गठन के महज 10 घंटे के भीतर 10 लाख से अधिक लोगों ने आंदोलन से जुड़ने के लिए पंजीकरण कराया है।

अन्नामलाई ने बताया कि उन्होंने 2 जून को ही भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसकी जानकारी अब सार्वजनिक हुई है। नई पार्टी की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक स्वतंत्र राजनीतिक आंदोलन होगा, जो वर्ष 2031 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगा।

इस बीच भाजपा को एक और झटका देते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष Karu Nagarajan ने भी पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने कहा कि कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता अन्नामलाई के नेतृत्व वाली नई पार्टी में शामिल होने का फैसला कर चुके हैं।

पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई वर्ष 2020 में नौकरी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी में उन्होंने प्रदेश उपाध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक की जिम्मेदारी संभाली। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने और AIADMK के साथ भाजपा के गठबंधन को लेकर उनकी नाराजगी लंबे समय से बनी हुई थी।

अन्नामलाई की नई पार्टी को लेकर तमिलनाडु की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि उनका नया राजनीतिक मंच राज्य की राजनीति में कितना प्रभाव छोड़ पाता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *