कोंडागांव। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय मार्ग पर निर्माणाधीन केशकाल घाट फोरलेन बायपास का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बायपास के दोनों छोरों का दौरा किया तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री साव ने कहा कि केशकाल घाट फोरलेन बायपास बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। उन्होंने अधिकारियों से समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
लोक निर्माण विभाग द्वारा 308 करोड़ रुपये की लागत से 11.38 किलोमीटर लंबे फोरलेन बायपास का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना के तहत दो वृहद पुल और दो मध्यम पुल भी बनाए जाएंगे। सरकार की प्राथमिकता इस परियोजना को जल्द पूरा कर आम लोगों के लिए शुरू करना है।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने केशकाल से सलना तक सड़क मजबूतीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
अपने दौरे के दौरान श्री साव बेड़मा गांव में आयोजित जल जीवन मिशन के जल अर्पण कार्यक्रम में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक नीलकंठ टेकाम और कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
सरकार का मानना है कि केशकाल घाट बायपास के निर्माण से बस्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यातायात व्यवस्था को नई गति मिलेगी।