रायपुर । राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात और संवाद कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ राष्ट्रपति भवन की अपनी यादगार यात्रा और राष्ट्रपति से हुए आत्मीय संवाद के अनुभव साझा किए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों को इस विशेष उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के साथ मुलाकात उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने उनसे सहजता और आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए यादगार पलों के अनुभव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
राष्ट्रपति ने CWSN विद्यार्थी को बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में हुई मुलाकात का सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने CWSN (Children with Special Needs) विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह आत्मीय स्नेह नुकेश सहित वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए यादगार बन गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की भी सुंदर झलक देखने को मिली। छात्राओं ने राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रस्तुति से प्रभावित राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की सराहना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि प्रदेश के बच्चों ने राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर अपनी प्रतिभा के साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का भी परिचय कराया। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति प्रदेश की पहचान और अमूल्य धरोहर है। नई पीढ़ी जब इसे देश के प्रतिष्ठित मंचों पर प्रस्तुत करती है तो हमारी परंपराओं को नई ऊर्जा और व्यापक पहचान मिलती है।
इन विद्यार्थियों ने की राष्ट्रपति से मुलाकात
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. मुक्ति बैस, राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर तथा श्री चंद्रशेखर मिथलेश, व्याख्याता (भौतिकी), शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों को राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और यात्रा के अनुभवों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को बड़ा रखें और अपनी उपलब्धियों से परिवार, छत्तीसगढ़ और देश को गौरवान्वित करें।