नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS कैंपस, 40 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक संस्थान; 10 हजार छात्रों को मिलेगा लाभ

रायपुर । छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में संस्थान की स्थापना के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

नवा रायपुर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ भूमि पर NMIMS का अत्याधुनिक कैंपस विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह भूमि 90 वर्षों की लीज पर दी गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को संस्थान के लिए भूमि आवंटन को मंजूरी दी थी।

2-3 साल में शुरू होगा पहला बैच

NMIMS कैंपस की स्थापना की पूरी प्रक्रिया आगामी सात वर्षों में पूरी करने का लक्ष्य है। हालांकि, विद्यार्थियों को इसका लाभ इससे पहले ही मिलना शुरू हो जाएगा। दो से तीन वर्षों के भीतर पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने की तैयारी है। संस्थान के पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत को कम करना है। प्रदेश में ही प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों के समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में NMIMS की स्थापना महत्वपूर्ण कदम है।

प्रबंधन और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के मिलेंगे अवसर

NMIMS के आने से छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए प्रबंधन, कौशल विकास और आधुनिक रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे। इसके साथ ही कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता को भी गति मिलने की उम्मीद है।

संस्थान और उद्योग जगत के बीच सहयोग बढ़ने से प्रदेश की बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव, शोध, नवाचार और स्टार्टअप से जुड़ने के नए अवसर भी मिल सकते हैं।

एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित होगा नवा रायपुर

राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आधुनिक शहर के साथ एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना से इस प्रयास को और मजबूती मिलेगी।

देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के नवा रायपुर आने से शहर के शैक्षणिक और बौद्धिक वातावरण का विस्तार होगा। साथ ही शिक्षा से जुड़ी सेवाओं, सहायक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, आवास एवं पर्यावरण सचिव श्री अंकित आनंद तथा नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंदन कुमार उपस्थित रहे।

NMIMS की स्थापना के साथ छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा परिदृश्य में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। आने वाले वर्षों में यह संस्थान प्रदेश के हजारों युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ नवा रायपुर को देश के प्रमुख शिक्षा और ज्ञान केंद्रों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *