राघव मंदिर में गूंजा ‘स्वामी शरणम्-अय्यप्पा शरणम्’, अर्चना पुष्पांजलि कल्विलक्कू पूजा में उमड़े श्रद्धालु

किरंदुल। भगवान श्री अय्यप्पा की भक्ति में इन दिनों किरंदुल का राघव मंदिर परिसर भक्तिमय बना हुआ है। अय्यप्पा सेवा समिति, किरंदुल द्वारा आयोजित 41 दिवसीय महापूजा कार्यक्रम के तहत सोमवार को रात्रि 7 बजे अर्चना पुष्पांजलि कल्विलक्कू का विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर ‘स्वामी शरणम्-अय्यप्पा शरणम्’ के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम में भगवान श्री अय्यप्पा की विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की गई। दीपों की रोशनी और भजन-कीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। इस विशेष अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान अय्यप्पा के दर्शन किए तथा परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।

41 दिनों तक होंगे विशेष धार्मिक अनुष्ठान

अय्यप्पा सेवा समिति द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी 41 दिवसीय महापूजा का आयोजन भव्य रूप से किया जा रहा है। समिति के अनुसार, पूरे 41 दिनों तक प्रतिदिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जा रहे हैं।

पूजा-अर्चना को पारंपरिक विधि से संपन्न कराने के लिए विशेष रूप से पंडित जया कृष्णन भट्टाथिरी को आमंत्रित किया गया है।

श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल

महापूजा कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना में भाग ले रहे हैं। अय्यप्पा सेवा समिति के इस आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। 41 दिवसीय महापूजा के माध्यम से श्रद्धालु भगवान श्री अय्यप्पा की आराधना कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *