किरंदुल में धूमधाम से मनाया गया बोइता बंदना पर्व, दीपों से जगमगाया मंदिर परिसर

किरंदुल। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर किरंदुल में जगन्नाथ सेवा समिति एवं उत्कल समाज के संयुक्त तत्वावधान में बोइता बंदना पर्व श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जगन्नाथ मंदिर परिसर स्थित तालाब में श्रद्धालुओं ने दीपों से सजी नावें प्रवाहित कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फूलों और दीपों से सुसज्जित हरे रंग की विशाल मयूर आकृति वाली नाव रही। समिति के सदस्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना, भगवान जगन्नाथ का स्मरण और संकल्प के बाद नाव को तालाब में उतारा। नाव के जल में तैरते ही मंदिर परिसर जय जगन्नाथ और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।

इस दौरान महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने केले के पत्तों, कागज एवं थर्माकोल से बनी छोटी-छोटी नावों में दीप, फूल, अक्षत, सुपारी और प्रसाद रखकर जल में प्रवाहित किया। देखते ही देखते तालाब दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

समुद्री व्यापार की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है बोइता बंदना

बोइता बंदना उड़िया समाज का प्राचीन सांस्कृतिक पर्व है, जो प्रतिवर्ष कार्तिक पूर्णिमा को मनाया जाता है। मान्यता है कि प्राचीन काल में उत्कल के साहसी व्यापारी और नाविक, जिन्हें साधव कहा जाता था, बड़ी-बड़ी नावों में सवार होकर समुद्र मार्ग से जावा, सुमात्रा, बाली, बर्मा, श्रीलंका और थाईलैंड जैसे देशों में व्यापार के लिए जाते थे।

उनकी सुरक्षित यात्रा, सफल व्यापार और सकुशल वापसी की कामना करते हुए समाज के लोग नदी और समुद्र तट पर दीप जलाकर नावों को विदा करते थे। इसी गौरवशाली परंपरा की स्मृति में आज भी कार्तिक पूर्णिमा पर छोटी नावों में दीप जलाकर जल में प्रवाहित किए जाते हैं।

आयोजन के दौरान उत्कल समाज के वरिष्ठजनों ने युवाओं और बच्चों को बोइता बंदना पर्व के इतिहास एवं महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और पूर्वजों की गौरवशाली विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अविनाश स्वाइन, सचिव देवराज लेंका सहित जगन्नाथ सेवा समिति एवं उत्कल समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में उड़िया समाज के परिवार उपस्थित रहे। अन्य समाज के श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *