अन्नामलाई के अगले कदम पर सस्पेंस: नई पार्टी या राज्यसभा? राजनीतिक हलचल तेज

नई दिल्ली। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। नई पार्टी बनाने की अटकलों के बीच अन्नामलाई ने सोमवार को भाजपा मुख्यालय में पार्टी नेतृत्व से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान उनके नए राजनीतिक दायित्व और भविष्य की भूमिका को लेकर चर्चा हुई। वहीं, यह भी चर्चा है कि भाजपा उन्हें राज्यसभा भेजने पर विचार कर रही है।

जानकारी के अनुसार अन्नामलाई ने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात के दौरान अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नेतृत्व ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उनकी क्षमता और अनुभव के अनुरूप आगे भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी। इस बैठक में उनके संभावित नए दायित्वों पर चर्चा हुई है।

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि भाजपा अन्नामलाई को राज्यसभा सीट का प्रस्ताव दे सकती है। हालांकि इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में अन्नामलाई ने अपने भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर सीधा जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने कहा, “कृपया दो दिन इंतजार कीजिए, फिर बैठकर विस्तार से बात करेंगे।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाओं को और बल मिला है।

पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई वर्ष 2020 में भाजपा में शामिल हुए थे और देखते ही देखते तमिलनाडु में पार्टी का प्रमुख चेहरा बन गए। वर्ष 2021 से 2025 तक प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने राज्य में भाजपा के संगठन विस्तार और जनाधार बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि हालिया विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा और AIADMK के गठबंधन को लेकर उनकी असहमति की चर्चाएं भी सामने आई थीं।

अन्नामलाई के समर्थकों का आरोप है कि विधानसभा चुनावों के दौरान पार्टी ने उन्हें अपेक्षित महत्व नहीं दिया, जिससे वे नाराज बताए जा रहे हैं। इसी वजह से उनके भाजपा छोड़कर नई राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलें भी सामने आई हैं। हालांकि अभी तक अन्नामलाई ने इन चर्चाओं पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी है।

तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय और उनकी पार्टी TVK की सफलता के बाद राज्य में नए राजनीतिक विकल्पों को लेकर भी चर्चा बढ़ी है। ऐसे में अन्नामलाई के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अब पार्टी नेतृत्व के साथ उनकी बैठकों के बाद आने वाले दिनों में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *