अम्बिकापुर | जिला पंचायत सरगुजा और मुहिम फाउंडेशन की संयुक्त पहल के तहत आयोजित ‘यूथ फॉर डेवलपमेंट’ इंटर्नशिप कार्यक्रम का समापन हो गया। इस 15 दिवसीय कार्यक्रम में 40 छात्र-छात्राओं ने ग्रामीण शासन व्यवस्था और विकास योजनाओं का जमीनी स्तर पर अध्ययन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय विज्ञान महाविद्यालय अम्बिकापुर, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अम्बिकापुर तथा राजमोहिनी देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय अम्बिकापुर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें 24 छात्राएं और 16 छात्र शामिल रहे।
11 ग्राम पंचायतों में किया गया फील्ड अध्ययन
इंटर्नशिप के दौरान युवाओं को अम्बिकापुर, लुंड्रा और लखनपुर विकासखंड की 11 ग्राम पंचायतों में तैनात किया गया। यहां उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों और स्वयं सहायता समूहों के साथ मिलकर विभिन्न विकास योजनाओं की स्थिति का आकलन किया।
विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन का भी अध्ययन किया।
ग्रामीण विकास पर दिए महत्वपूर्ण सुझाव
अध्ययन के दौरान छात्रों ने स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और युवा सहभागिता को लेकर कई सुझाव प्रस्तुत किए। साथ ही ग्राम पंचायतों में सामुदायिक विजनिंग अभ्यास के माध्यम से विकास प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की गई।
प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मान
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और अनुभव पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत सरगुजा के वरिष्ठ अधिकारी, मुहिम फाउंडेशन के प्रतिनिधि तथा विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि यह पहल युवाओं को ग्रामीण शासन को समझने और विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का अवसर देती है, जबकि मुहिम फाउंडेशन ने इसे जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।