रायगढ़ । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धर्म के आधार पर आरक्षण का लाभ नहीं दिए जाने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह निर्णय दूरगामी प्रभाव वाला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री गुरुवार को रायगढ़ में मीडिया से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने समाजजनों को नुआखाई और शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन में आमंत्रित करने के लिए आभार व्यक्त किया।
कोलता समाज के भवनों के लिए 80 लाख रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोलता समाज की सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए कुल 80 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इसके तहत नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलता समाज शिक्षित, संगठित और प्रगतिशील समाज है। समाज के लोग शिक्षा, कृषि और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है।
छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैचों से बढ़ेगा उत्साह
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैचों के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले मुकाबले महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी और महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से मैच देखने पहुंचने और महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति बढ़ता उत्साह युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगा।