कवर्धा । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने कहा कि मेहनत, लगन और समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है। खिलाड़ियों को जीत-हार की चिंता छोड़कर अपने खेल को बेहतर बनाने और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब खिलाड़ी पूरी मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हैं, तो उनकी प्रतिभा को सम्मान और पहचान जरूर मिलती है।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सोमवार को कबीरधाम जिले के स्वामी करपात्री जी स्टेडियम, कवर्धा में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर ध्वजारोहण किया गया तथा प्रदेश के विभिन्न जोन से पहुंचे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर खेल भावना, एकता और अनुशासन का परिचय दिया। उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
जीत-हार नहीं, बेहतर प्रदर्शन पर दें ध्यान
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों को पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना चाहिए। हार और जीत हमेशा खिलाड़ी के हाथ में नहीं होती, लेकिन मेहनत करना और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना उनके हाथ में है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन ऐसा होना चाहिए कि दर्शक उनके खेल कौशल की सराहना करें। खेल का वास्तविक आनंद भी इसी में है कि खिलाड़ी अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरें। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर अभ्यास, मेहनत और लगन से ही खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं।
बस्तर के युवाओं की प्रतिभा को सराहा
उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पांचों जोन से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों, अबूझमाड़, सुकमा और बीजापुर से पहुंचे खिलाड़ियों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा अब नक्सलवाद के दंश को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा के दम पर देशभर में पहचान बनाने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल के माध्यम से वे अपने जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। इसके लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास बनाए रखना आवश्यक है।
पांच जोन के 440 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग, जिला कबीरधाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह चार दिवसीय प्रतियोगिता 13 से 16 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें प्रदेश के बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर, रायपुर और दुर्ग जोन के कुल 440 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें 220 बालक और 220 बालिकाएं शामिल हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ संबंधित अधिकारी भी हिस्सा ले रहे हैं।
वॉलीबाल, सॉफ्टबाल और हैंडबाल में होगा मुकाबला
प्रतियोगिता के दौरान 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए वॉलीबाल तथा 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए सॉफ्टबाल और हैंडबाल की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। चार दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में विभिन्न जोन के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष श्री चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य श्री भगत पटेल, जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा गणपत बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा, संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।