किरंदुल। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध खदान मजदूर संघ शाखा किरंदुल में रिक्त पदों के लिए यूनियन के विधान के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की गई। इस प्रक्रिया में राजेंद्र यादव को शाखा का सचिव निर्वाचित किया गया। वहीं, दानेश्वर जोशी को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा खदान मजदूर संघ भिलाई के केंद्रीय महामंत्री उमेश मिश्रा के अनुमोदन से की गई।
विक्रम संवत 2083, शारदीय नवरात्र की तृतीया तिथि के शुभ अवसर पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता भारतीय इस्पात मजदूर महासंघ (बीएमएस) के महामंत्री, केंद्रीय ठेका श्रम सलाहकार बोर्ड के सदस्य एवं एनजेसीएस सदस्य रंजय कुमार ने की। बैठक का शुभारंभ मां भारती और भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के तैलचित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद बीएमएस का गीत प्रस्तुत किया गया।
सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारी
शाखा के सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से प्रस्तावित पदाधिकारियों की सूची को केंद्रीय महामंत्री उमेश मिश्रा ने अनुमोदित करते हुए निर्वाचन की घोषणा की। घोषित पदाधिकारियों में दानेश्वर जोशी को कार्यकारी अध्यक्ष, बसंत जांगड़े और नरेंद्र साहू को उपाध्यक्ष तथा राजेंद्र यादव को सचिव निर्वाचित किया गया।
इसके अलावा लक्ष्मीनाथ पोयाम, सुरेश ठाकुर, दिलीप सेठी और बासुदेव साहू को सह सचिव, धर्मेंद्र सिन्हा को कार्यालय सचिव, उपेंद्र नाथ त्रिपाठी को संगठन सचिव तथा लिषान्श सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में प्रदीप मन्ना, प्रशांत राय, एस.के. मल्लिक और धीरज सक्सेना निर्वाचित हुए। शाखा अध्यक्ष बी. दिल्ली राव तथा उपाध्यक्ष विराट अवस्थी और अजय कुमार अपने पूर्व निर्धारित कार्यकाल तक पदों पर बने रहेंगे।
श्रमिक हितों के लिए कार्य करने का संकल्प
नवनिर्वाचित सचिव राजेंद्र यादव ने अपने नए दायित्व के लिए संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ की रीति-नीति और ‘राष्ट्रहित सर्वोपरि’ के सिद्धांतों पर चलते हुए श्रमिक हितों के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्धता जताई।
राजेंद्र यादव को छात्र जीवन से ही संगठनात्मक कार्यों का अनुभव रहा है। उन्होंने उत्तर बस्तर कांकेर जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला मंत्री एवं नगर अध्यक्ष तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के कांकेर शहर मंडल अध्यक्ष के रूप में दायित्वों का निर्वहन किया है। एनएमडीसी की किरंदुल परियोजना में नियुक्ति के बाद उन्होंने विभिन्न श्रमिक संगठनों और समितियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं, जिससे उन्हें श्रमिकों से जुड़े विषयों का अनुभव प्राप्त हुआ है।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दी बधाई
निर्वाचन के बाद शाखा बचेली के अध्यक्ष सुभाष चंद्र बोस, सचिव पूरन जायसवाल सहित आकाश माझी, नितेश विश्वकर्मा, सुधा, सूरमा, प्रीति, मिथुन, लाजेंद्र, शशि, खुशबू और पिंकी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
संगठन के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी श्रमिकों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के निराकरण और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगी।