मुंबई । घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को कारोबारी सप्ताह की शुरुआत शानदार तेजी के साथ हुई। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,000 अंक से अधिक उछल गया।
कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 719 अंकों की बढ़त के साथ खुला। इसके बाद बाजार में तेजी और मजबूत हुई तथा सूचकांक कुछ ही देर में 1,030 अंक चढ़कर 75,489 अंक के स्तर पर पहुंच गया।
सेंसेक्स 943 अंक की बढ़त पर कारोबार करता दिखा
खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 943.38 अंक यानी 1.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,402.91 अंक पर कारोबार कर रहा था। बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बाजार को सहारा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट को घरेलू शेयर बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड वायदा की कीमतों में करीब तीन प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भारत जैसे तेल आयातक देश को राहत मिल सकती है। इससे महंगाई और कंपनियों की लागत पर दबाव कम होने की उम्मीद रहती है।
वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के साथ घरेलू बाजार में खरीदारी बढ़ने से सेंसेक्स में यह जोरदार उछाल देखने को मिला।