रायपुर | राजधानी रायपुर में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय पंकज शर्मा की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। खो-खो पारा स्थित पंकज गार्डन में उनकी प्रतिमा का अनावरण उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर पत्रकारिता, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी और रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
एक घंटे की डॉक्यूमेंट्री में याद किए गए पंकज शर्मा
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय पंकज शर्मा के जीवन और उनकी पत्रकारिता यात्रा पर आधारित करीब एक घंटे की विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इसमें उनके पत्रकारिता जीवन, देश-विदेश में किए गए कार्यों, लेखन शैली, संवाद क्षमता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को दर्शाया गया।
डॉक्यूमेंट्री के जरिए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया गया, जिससे समारोह में मौजूद लोग भावुक नजर आए।
‘पूरी पीढ़ी के प्रेरणास्रोत थे पंकज शर्मा’
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय पंकज शर्मा ने पत्रकारिता को केवल पेशे के तौर पर नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और मिशन के रूप में जिया। उन्होंने कहा कि सीमित जीवनकाल में अपनी प्रतिभा और लेखनी के जरिए पंकज शर्मा ने ऐसी पहचान बनाई, जो आज भी पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति को स्थायी रूप देना केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि रायपुर की समृद्ध पत्रकारिता परंपरा का सम्मान भी है।
रायपुर की पत्रकारिता को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का उल्लेख
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पंकज शर्मा रायपुर की उस पत्रकारिता परंपरा के प्रतिनिधि थे, जिसने अपनी प्रतिभा और लेखनी के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति में प्रतिमा का अनावरण आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
विधायक सुनील सोनी और मोतीलाल साहू ने भी स्वर्गीय पंकज शर्मा के पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान को याद किया। वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी ने उनके लेखन, पत्रकारिता शैली और उस दौर की पत्रकारिता में उनके प्रभाव पर प्रकाश डाला।
पंकज शर्मा के नाम पर सम्मान और संस्थानों के नामकरण का प्रस्ताव
विधायक अनुज शर्मा ने स्वर्गीय पंकज शर्मा की स्मृति को व्यापक स्वरूप देने के लिए कई प्रस्ताव रखे। इनमें पंकज उद्यान का नाम बदलकर “पत्रकार पंकज शर्मा उद्यान” करने और खो-खो पारा स्थित स्कूल का नाम “पत्रकार पंकज शर्मा” के नाम पर करने का प्रस्ताव शामिल है।
इसके अलावा युवा पत्रकारों के लिए राज्य अलंकरण की शुरुआत स्वर्गीय पंकज शर्मा के नाम से करने और पत्रकारिता विश्वविद्यालय की किसी प्रमुख इमारत का नाम उनके नाम पर रखने का सुझाव भी दिया गया।
समारोह में मौजूद अतिथियों ने इन प्रस्तावों का समर्थन किया। वक्ताओं ने कहा कि पंकज शर्मा ने अपने जीवनकाल में हिंदी पत्रकारिता को नई दिशा दी और उनकी स्मृति पत्रकारिता के मूल्यों तथा आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
कार्यक्रम का आयोजन रायपुर प्रेस क्लब, अखंड ब्राह्मण समाज छत्तीसगढ़ और विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।