बेमेतरा । उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने सोमवार को बेमेतरा में शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय आदिवासी महासम्मेलन में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने गोंडवाना भवन के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपये और बेमेतरा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में विधायक श्री दीपेश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आदिवासी समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
शहीद वीर नारायण सिंह का जीवन प्रेरणादायी
आदिवासी महासम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री अरुण साव ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ की माटी के महान सपूत थे। उन्होंने गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ साहस के साथ संघर्ष किया। उनका पूरा जीवन सेवा, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत रहा।
उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह ने विपरीत परिस्थितियों में गरीब और शोषित लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई और अंग्रेजों के अत्याचार के सामने कभी नहीं झुके। देश और समाज के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।
युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगी प्रतिमा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती अनेक वीर योद्धाओं और जननायकों की गौरवशाली भूमि रही है। शहीद वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर जैसे महान योद्धाओं ने साहस, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण की मिसाल पेश की।
उन्होंने कहा कि बेमेतरा में स्थापित शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा उनके त्याग और बलिदान की स्मृति को हमेशा जीवित रखेगी। यह प्रतिमा युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा और समाजसेवा के लिए प्रेरित करने का काम करेगी।
गोंडवाना भवन के लिए 10 लाख और विकास कार्यों को 6 करोड़
कार्यक्रम में श्री साव ने गोंडवाना भवन के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही बेमेतरा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपये की राशि देने का ऐलान किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय गोंड़ महासभा धमधागढ़ के अध्यक्ष श्री कमलेश सोरी, सर्व आदिवासी समाज जिला अध्यक्ष श्री मुरीत मंडावी, गोंड समाज जिला अध्यक्ष श्री दरबार सिंह नेताम, बेमेतरा नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, उपाध्यक्ष श्री अशोक शर्मा, पूर्व विधायक श्री अवधेश चंदेल और श्री अजय साहू समेत अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।