- रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को सरगुजा जिला मुख्यालय में राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। इसके तहत महिला सशक्तीकरण, युवाओं के अवसरों और छत्तीसगढ़ के विकास को प्रमुखता दी जाएगी। विभिन्न विभागों की ओर से शासकीय योजनाओं, उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही, शासन की कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की व्यवस्था भी की जाएगी।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक सरगुजा जिला मुख्यालय के शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्योत्सव के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही, ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम के जरिए महिला सशक्तीकरण और युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया जाएगा।