खेलों से मिलती है शारीरिक मजबूती, अनुशासन और करियर की नई राह: राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर । राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, टीमवर्क, खेल भावना और जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी विकसित होता है। आज खेल युवाओं के लिए करियर का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।

राज्यपाल बुधवार को नवभारत परिवार द्वारा आयोजित 17वीं अखिल भारतीय फुटबॉल एवं जिला स्तरीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने फाइनल मुकाबला देखा और प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

तमिलनाडु पुलिस ने जीता खिताब

अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में तमिलनाडु पुलिस ने दल्लीराजहरा माइंस को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं जिला स्तरीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स स्कूल भरनी ने नवीन पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

राज्यपाल ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खेल सिखाता है लक्ष्य के लिए मिलकर आगे बढ़ना

राज्यपाल डेका ने कहा कि फुटबॉल हमें सिखाता है कि लक्ष्य हासिल करने के लिए टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी भूमिका पूरी जिम्मेदारी से निभानी होती है। एक-दूसरे का सहयोग करना, नियमों का सम्मान करना और अंतिम क्षण तक प्रयास करते रहना ऐसे गुण हैं, जो खेल के साथ-साथ जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी होते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे खेल का आनंद लेते हुए लगातार मेहनत करें और हार से सीख लेकर दोबारा मैदान में उतरें। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की लगन और निरंतर प्रयास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।

स्कूल स्तर की प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को देती हैं मंच

राज्यपाल ने कहा कि विद्यालय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन्हीं प्रतियोगिताओं से निकलकर खिलाड़ी आगे चलकर राज्य और देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जिला और राज्य स्तर के मुकाबलों से खिलाड़ियों को अनुभव मिलता है, जबकि अखिल भारतीय प्रतियोगिताओं में विभिन्न राज्यों की टीमों के साथ खेलने से प्रतिस्पर्धा का स्तर बढ़ता है और खिलाड़ियों को अपनी कमियों तथा आगे की तैयारी की दिशा समझने का अवसर मिलता है।

राज्यपाल ने ऐसे आयोजनों को लगातार आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे अधिक से अधिक युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

समापन समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी दर्शक मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *