मशाल लेकर निकले CM साय, 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की घोषणा

रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की घोषणा की। उन्होंने रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे। आने वाली पीढ़ियों को इनसे यह प्रेरणा मिलेगी कि देश और प्रदेश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने हिस्सा लिया।

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष का सेवाकाल प्रेरणादायी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके निरंतर सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होना जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं।

एक माह तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत में प्रदेशवासियों ने 17 सितंबर को डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की थी।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक संकल्प है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से प्रदेश के विकास की दीर्घकालीन दिशा तय की है।

वैश्विक निवेश के अवसरों से जुड़ रहा छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर निवेश, तकनीक, कौशल और नवाचार के अवसरों से छत्तीसगढ़ को जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ और हरियाणा को सिंगापुर में आयोजित ‘Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026’ में भागीदारी के लिए चुना गया था। प्रवास के दौरान उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रति वैश्विक विश्वास बढ़ा है और दुनिया भारत को संभावनाओं तथा विकास के बड़े केंद्र के रूप में देख रही है। इसका लाभ छत्तीसगढ़ जैसे तेजी से विकास कर रहे राज्यों को भी मिल रहा है।

‘वी विल डू इट’ के संकल्प से विकसित भारत की ओर

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री के ‘वी विल डू इट’ के उद्घोष का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य बड़ा जरूर है, लेकिन सामूहिक प्रयास से इसे हासिल किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई दी। उन्होंने नागरिकों से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *