PM मोदी का बड़ा संदेश- ‘स्क्रीन से ज्यादा खेल जरूरी’, 2036 ओलंपिक के लिए अभी से खिलाड़ी तैयार करने पर जोर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘खेलो इंडिया संवाद’ के दौरान देश के युवाओं और खिलाड़ियों से वर्चुअल संवाद किया। देशभर में 1,500 से ज्यादा स्थानों पर आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने भारत की खेल क्षमता को मजबूत करने और 2036 ओलंपिक की तैयारियों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में भारत की भागीदारी बढ़ाने के लिए खिलाड़ियों को अभी से तैयार करना होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने खेलों में काफी प्रगति की है, लेकिन अभी कई ऐसे ओलंपिक खेल हैं जिनमें देश की भागीदारी नहीं है। उन्होंने खास तौर पर सर्फिंग का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत की लंबी समुद्री तटरेखा होने के बावजूद इस खेल में देश अभी पीछे है। ऐसे खेलों में युवाओं को आगे बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को तलाशने की जरूरत है।

‘स्क्रीन से ज्यादा स्पोर्ट्स सेंटर और प्लेग्राउंड चाहिए’

प्रधानमंत्री ने युवाओं को फिटनेस और खेलों से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को स्क्रीन से ज्यादा खेल के मैदान और स्पोर्ट्स सेंटर की जरूरत है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मेडल जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ समाज और मजबूत परिवार के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने अपने पुराने संदेश को दोहराते हुए कहा कि ‘जो खेले, वो खिले।’ पीएम ने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने और नए अवसरों को अपनाने की अपील की।

2036 ओलंपिक के लिए अभी से तैयारी पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत पूरी ताकत से प्रयास कर रहा है। इसके लिए केवल मौजूदा खिलाड़ियों पर निर्भर रहने के बजाय भविष्य के खिलाड़ियों को अभी से तैयार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत का स्पोर्ट्स विजन सिर्फ पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य विकसित भारत के साथ देश की खेल शक्ति को बढ़ाना भी है।

नई तकनीक से खेलों में बढ़ रहे करियर के अवसर

प्रधानमंत्री ने कहा कि तकनीक के आने से खेलों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। साइकोलॉजी, न्यूट्रिशन और स्पोर्ट्स साइंस जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए करियर विकल्प सामने आ रहे हैं। उन्होंने युवाओं से इन क्षेत्रों में नए विचार देने और बदलते अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

29 अगस्त को मनाया जाएगा राष्ट्रीय खेल दिवस

कार्यक्रम में पीएम मोदी ने 29 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस का भी उल्लेख किया। उन्होंने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए कहा कि यह दिन देश में खेल भावना को मजबूत करने और खिलाड़ियों के योगदान को सम्मान देने का अवसर है।

पैरा एथलीट्स की उपलब्धियों का किया जिक्र

पीएम मोदी ने पैरा एथलीट्स की उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने शीतल और अवनी लेखरा सहित कई खिलाड़ियों की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने देश और समाज के लिए प्रेरणा की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता नई पीढ़ी में आत्मविश्वास और नई उम्मीद पैदा करती है।

दिग्गज खिलाड़ियों ने भी लिया हिस्सा

‘खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात, PM के साथ’ कार्यक्रम में भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा समेत कई मौजूदा और पूर्व दिग्गज खिलाड़ी शामिल हुए। कार्यक्रम में मनिका बत्रा, दीपा करमाकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, पुलेला गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी और मीराबाई चानू जैसी खेल हस्तियों की मौजूदगी रही।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *