CM फडणवीस के सामने समय रैना का साइबर सेल पर तंज, बोले- ‘1930 नंबर सेव है, वहां से अक्सर आते हैं कॉल’

मुंबई ।  स्टैंडअप कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। मुंबई में आयोजित एक साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में महाराष्ट्र साइबर सेल और मुंबई पुलिस को लेकर मजाकिया अंदाज में कई टिप्पणियां कीं। इस दौरान सीएम फडणवीस समेत कार्यक्रम में मौजूद लोग ठहाके लगाते नजर आए। समय रैना का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मंच पर सम्मान लेने पहुंचे थे समय रैना

दरअसल, महाराष्ट्र साइबर की ओर से आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान सीएम फडणवीस ने समय रैना समेत कई कलाकारों को सम्मानित किया। मंच पर सम्मान लेने पहुंचे समय रैना ने अपने चिर-परिचित अंदाज में प्लेट से बिस्किट उठाते हुए सीएम से पूछा, “सर, बिस्किट ले सकता हूं?” उनकी बात सुनकर फडणवीस हंस पड़े।

साइबर सेल पर भी कर दिया मजाक

इसके बाद समय रैना ने महाराष्ट्र साइबर सेल को लेकर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि उनका और साइबर सेल का रिश्ता काफी पुराना है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि उन्होंने 1930 नंबर अपने फोन में सेव कर रखा है, क्योंकि वहां से अक्सर कॉल आते रहते हैं।

समय ने आगे कहा कि साइबर सेल इतना सक्रिय है कि आप भारत में हों या अमेरिका में, वह आपको ढूंढ ही लेगा। उनकी इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई।

बोले- पहली बार सम्मानित करने के लिए घर आई साइबर सेल

समय रैना यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब साइबर सेल की टीम किसी कॉमेडियन के घर उससे पूछताछ करने के लिए नहीं, बल्कि उसे सम्मानित करने के लिए लेकर आई है। उनकी इस बात पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत वहां मौजूद लोग जमकर हंसने लगे।

2025 में साइबर सेल ने की थी पूछताछ

समय रैना का साइबर सेल पर किया गया यह मजाक उनके पुराने विवाद की वजह से भी चर्चा में है। वर्ष 2025 में उनके शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से जुड़े विवाद के बाद महाराष्ट्र साइबर सेल ने उनसे पूछताछ की थी। विवाद के दौरान शो के कुछ एपिसोड हटाने पड़े थे और समय रैना जांच के सिलसिले में मुंबई पहुंचे थे।

ऐसे में उसी साइबर सेल के कार्यक्रम में समय रैना का मजाकिया अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *