गुजरात| गुजरात के सोमनाथ मंदिर के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव-2026’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने 11 तीर्थों के पवित्र जल से मंदिर के शिखर का अभिषेक किया। अभिषेक के लिए 90 मीटर ऊंची क्रेन का उपयोग किया गया।
इस भव्य अवसर पर चेतक हेलिकॉप्टर से मंदिर पर फूल बरसाए गए और वायुसेना की सूर्यकिरण टीम ने मंदिर के ऊपर 15 मिनट तक एरोबेटिक शो पेश किया। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया, जिससे यह दुल्हन की तरह दिख रहा था।
इतिहास में आज ही के दिन, 11 मई 1951 , स्वतंत्र भारत में सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। इसके अलावा, 1026 में महमूद गजनवी द्वारा मंदिर पर किए गए हमले की भी 1000वीं वर्षगांठ इस अवसर पर याद की गई।
शिवाभिषेक और शिखर अभिषेक से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने 2 किमी का रोड शो किया और मंदिर तक हेलिपैड से पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ कार्यक्रम समाप्त करने के बाद वडोदरा का रुख किया, जहाँ उन्होंने 150 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सरदारधाम-3 का लोकार्पण किया। यह शैक्षणिक और आवासीय परिसर 4,75,000 वर्ग फीट में फैला है और पाटीदार समुदाय के 2,000 छात्रों के लिए डिज़ाइन किया गया है।
प्रधानमंत्री का आज का शेड्यूल:
08:30 AM: जामनगर से सोमनाथ प्रस्थान
10:00 AM: सोमनाथ आगमन और रोड शो
10:15 AM: मंदिर में पूजन, कुंभाभिषेक और एयर शो
12:00 PM: सोमनाथ में जनसभा
01:00 – 03:30 PM: सर्किट हाउस में आराम
05:00 PM: वडोदरा में सरदार धाम का लोकार्पण और जनसभा
07:00 PM: वडोदरा में रोड शो और दिल्ली वापसी
सोमनाथ अमृत महोत्सव ने मंदिर के 75 वर्षों के गौरवपूर्ण इतिहास और संस्कृति का जश्न मनाने का अवसर प्रस्तुत किया।