रायपुर। राज्य शासन ने प्रदेश में खेल गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने और खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शासन ने 6 नए जिलों में खेल अधिकारी के पदों को मंजूरी प्रदान कर दी है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा मंत्रालय से जारी आदेश के अनुसार, जिन जिलों में खेल अधिकारी के नए पद स्वीकृत किए गए हैं, उनमें गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सक्ती जिले शामिल हैं।
विभाग द्वारा इन पदों की स्वीकृति के संबंध में आदेश 4 अगस्त को जारी किया गया है। नए खेल अधिकारियों की नियुक्ति से इन जिलों में खेल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल अधोसंरचना के विकास और विभिन्न खेल गतिविधियों के आयोजन को गति मिलने की उम्मीद है।
राज्य शासन का यह निर्णय ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे लाने तथा युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।