छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के छह फ्रेंचाइजी टीमों का ऐलान, सभी टीमों की जर्सी लॉन्च

रायपुर । छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान देने और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन की छह फ्रेंचाइजी टीमों का ऐलान किया गया। इस दौरान सभी टीमों की जर्सी भी लॉन्च की गई। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर घोषित किया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने इसकी घोषणा की।

राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में ड्रॉ के माध्यम से फ्रेंचाइजी को टीमों का आवंटन किया गया। प्रत्येक टीम को 22 खिलाड़ियों का दल और एक मुख्य कोच दिया गया। लीग का उद्घाटन सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा।

छह फ्रेंचाइजी टीमें लेंगी हिस्सा

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके साथ प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं संस्थागत समूह जुड़े हैं। टीमों और उनके फ्रेंचाइजी मालिकों के नाम इस प्रकार हैं:

  • चक्रधर चैंपियंस — जिंदल स्टील लिमिटेड
  • न्यायधानी नाइट्स — साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL)
  • राजधानी रॉयल्स — श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड
  • मैनपाट टाइगर्स — छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल
  • संस्कारधानी स्ट्राइकर्स — सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड
  • बैलाडीला बुल्स — एनएमडीसी लिमिटेड

छह दिग्गज ओलंपियन संभालेंगे टीमों की कमान

लीग में भारतीय हॉकी के अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी प्रमुख आकर्षण होगी। पूर्व ओलंपियन एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर मार्की खिलाड़ियों के रूप में टीमों का नेतृत्व करेंगे। इन खिलाड़ियों के अनुभव से युवा एवं स्थानीय हॉकी खिलाड़ियों को सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।

लीग में कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी होंगे, जिनमें चार अतिथि खिलाड़ी रखे जाएंगे।

विजेता को 11 लाख और उपविजेता को मिलेंगे 6 लाख रुपये

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसमें विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 6 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। शेष 4 लाख रुपये व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए विभिन्न श्रेणियों में दिए जाएंगे।

प्रत्येक पुरुष मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच को 10 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को एक लाख रुपये तथा टॉप स्कोरर, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपये दिए जाएंगे।

18 पुरुष मुकाबलों के साथ महिला हॉकी का प्रदर्शनी मैच

21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में कुल 18 पुरुष हॉकी मुकाबले खेले जाएंगे। इसके साथ ही महिला हॉकी का एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा। मैचों का पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे और दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। मुकाबलों का लाइव प्रसारण जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर किया जाएगा। मैचों के बीच प्रतिदिन मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिससे दर्शकों को खेल के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद मिलेगा।

सरदार सिंह ने बताया छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर

लीग के एंबेसडर सरदार सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता से स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर खेलने का अनुभव मिलेगा और भविष्य में वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि सरदार सिंह जैसी प्रतिष्ठित खेल हस्ती को लीग का एंबेसडर बनाना युवा खिलाड़ियों को उचित संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने लीग से जुड़ी छह फ्रेंचाइजी और प्रायोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में हॉकी को बढ़ावा देने के लिए सरकार और निजी संस्थानों की साझेदारी महत्वपूर्ण है।

खेल के साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति का भी दिखेगा रंग

लीग के उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम में पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा।

लीग का मस्कट छत्तीसगढ़ की शान बाघ को बनाया गया है, जिसे ‘बघवा’ नाम दिया गया है। वहीं, इसकी टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के नक्शे और हॉकी खेलते खिलाड़ी की आकृति के माध्यम से प्रदेश की खेल प्रतिभा को प्रदर्शित करता है।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, संचालक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष श्री मनीष श्रीवास्तव, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी श्री मृणाल चौबे, सुश्री रेणुका यादव सहित फ्रेंचाइजी एवं प्रायोजक संस्थानों के प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से प्रदेश में हॉकी के विकास, स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और खेल संस्कृति को मजबूत करने की उम्मीद है। रायपुर में होने वाला यह आयोजन खेल, मनोरंजन और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का अनूठा संगम बनेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *