कवर्धा । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने ग्राम बंदौरा और ठकुराइनटोला में जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और गांवों की जरूरतों पर आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 74.80 लाख रुपये की घोषणाएं कीं। वहीं, ग्राम बंदौरा में सड़क की खराब स्थिति की शिकायत मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारी को फोन कर सड़क उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय रहा। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा सामुदायिक विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
कबीर कुटी से सामाजिक भवन तक, कई निर्माण कार्यों की घोषणा
ग्राम बंदौरा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों की मांग पर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की। इनमें वार्ड क्रमांक 10 में कबीर कुटी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपये और नवधा मंच निर्माण के लिए 3 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा मुक्तिधाम में शेड निर्माण तथा गांव में शेड निर्माण के लिए कुल 18 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
ग्राम ठकुराइनटोला में 7.80 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपये और मुक्तिधाम के लिए 6 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। वहीं, ग्राम नयापारा पंचायत में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की गई।
इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को सामाजिक, धार्मिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
सड़क की खराब स्थिति पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
ग्राम बंदौरा में ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर उप मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी परेशानी रखी। शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए विजय शर्मा ने संबंधित अधिकारी से फोन पर बात की और खराब सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाना चाहिए और ग्रामीणों को टिकाऊ एवं बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
गांवों के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार गांवों के समग्र विकास और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, धार्मिक पर्यटन और किसानों के हितों को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कवर्धा में मेडिकल कॉलेज शुरू हो चुका है और उसके भवन का निर्माण किया जा रहा है। शहर में यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बिलासपुर रोड और रायपुर रोड से शहर में प्रवेश करने वाले मार्गों पर 54 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
भोरमदेव मंदिर के विकास पर 146 करोड़ रुपये खर्च
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए भोरमदेव मंदिर के विकास हेतु 146 करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और क्षेत्र की पहचान को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के 85 हाई स्कूलों और हायर सेकेंडरी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें से 50 स्कूलों में डिजिटल बोर्ड लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष 35 स्कूलों में भी डिजिटल बोर्ड लगाने की योजना है।
किसानों और ग्रामीण महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में राज्य में गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि गांव-गांव में महतारी सदन बनाने का कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि ग्रामीण महिलाओं को सामुदायिक गतिविधियों और आपसी संवाद के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और किसानों तथा महिलाओं को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बंदौरा, ठकुराइनटोला और नयापारा में घोषित विकास कार्य इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।