नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) की प्रक्रिया 30 जून से शुरू होने जा रही है। इस अभियान के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने और मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, बूथ लेवल अधिकारी (BLO) 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं से जानकारी जुटाएंगे। सभी मौजूदा मतदाताओं को प्रिंटेड फॉर्म दिए जाएंगे, जिसमें उन्हें अपनी व्यक्तिगत जानकारी की जांच कर आवश्यक बदलाव या सुधार करना होगा।
13 हजार BLO और 30 हजार BLA की तैनाती
SIR प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए दिल्ली में करीब 13 हजार बूथ लेवल अधिकारी (BLO), 1300 सुपरवाइजर और लगभग 30 हजार बूथ लेवल एजेंट (BLA) को प्रशिक्षण दिया गया है।
चुनाव अधिकारियों ने बताया कि राजनीतिक दलों ने भी अपने बूथ एजेंट नियुक्त किए हैं, जो मतदाताओं को प्रक्रिया पूरी करने में सहायता करेंगे।
3 करोड़ से ज्यादा फॉर्म छपवाए गए
दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर SIR अभियान की जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, इस अभियान के लिए 3 करोड़ से ज्यादा फॉर्म तैयार किए जा रहे हैं।
इन फॉर्म को जिला चुनाव कार्यालयों से छांटकर संबंधित BLO तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समय पर सत्यापन का काम पूरा हो सके।
BLO करेंगे कम से कम तीन बार दौरा
अधिकारियों ने सभी BLO को निर्देश दिए हैं कि वे मतदाताओं से संपर्क के लिए कम से कम तीन बार घरों का दौरा करें। अगर किसी घर पर ताला मिलता है या मतदाता उपलब्ध नहीं होता है तो BLO अपना संपर्क नंबर छोड़ेंगे, ताकि लोग बाद में जानकारी उपलब्ध करा सकें।
मतदाताओं को तैयार रखने होंगे ये दस्तावेज
SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को पहचान और निवास से जुड़े दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—
- जन्म प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट
- 10वीं या कॉलेज का प्रमाण पत्र
- मूल निवास प्रमाण पत्र
- सरकारी सेवा पहचान पत्र
- पेंशन डायरी
- बैंक, डाकघर, LIC या सरकारी संस्थानों द्वारा जारी पुराने पहचान दस्तावेज
- जाति प्रमाण पत्र
- परिवार रजिस्टर
- भूमि या आवास आवंटन पत्र
चुनाव अधिकारियों का कहना है कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अपडेटेड बनाना है, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे।