कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं पर तीखा निशाना साधते हुए उन्हें ‘गद्दार’ करार दिया है। उत्तर कोलकाता जिला टीएमसी की वर्चुअल बैठक में उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने नेताओं को पहचान और सम्मान दिया, मुश्किल समय में उसका साथ छोड़ना अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ने जैसा है।
ममता बनर्जी ने कहा कि पार्टी के साथ विश्वासघात करने वालों को जनता समय आने पर जवाब देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और संगठन को मजबूत करने की अपील की।
‘डर का माहौल बना रही है भाजपा’
टीएमसी प्रमुख ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में डर और दबाव का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, लोगों की नौकरियां प्रभावित हो रही हैं और छोटे व्यापारियों पर कार्रवाई हो रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने संघर्ष करके पार्टी को मजबूत बनाए रखा है।
‘स्वार्थ के लिए छोड़ रहे हैं पार्टी’
ममता ने आरोप लगाया कि कुछ नेता जांच एजेंसियों की कार्रवाई और निजी हितों के कारण पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग पार्टी के संघर्ष और कार्यकर्ताओं की मेहनत को भूल गए हैं।
उन्होंने बागी नेताओं को संदेश देते हुए कहा कि जिनमें अभी भी समझ बाकी है, वे वापस लौट आएं, क्योंकि अंत में वे कहीं के नहीं रहेंगे।
केंद्रीय एजेंसियों और पुलिस पर भी हमला
अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को कार्यक्रमों की अनुमति देने में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं और सरकार की आलोचना करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
21 जुलाई रैली को सफल बनाने की अपील
ममता बनर्जी ने आगामी 21 जुलाई की शहीद दिवस रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि संख्या चाहे जितनी हो, टीएमसी पूरी मजबूती के साथ अपना कार्यक्रम आयोजित करेगी।
उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब टीएमसी में दल-बदल और नेताओं पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।