बिलासपुर। सिम्स ने एक और कैंपस पीड़ित की जान बचा ली है। ईएनटी, सर्जरी और निश्चेतना विभाग के डाक्टरों ने टीमवर्क के साथ काम करते हुए माउथ कैंसर से ग्रसित 30 वर्षीय युवक का जटिल आपरेशन किया है। कैंसर की गांठ निकालने के बाद अब युवक स्वस्थ हो गया है। जांजगीर अंतर्गत ग्राम बानारी निवासी 30 साल का राम कुमार मुंह की तकलीफ लेकर पिछले दिनों सिम्स पहुंचा था। उसने डाक्टर को जानकारी दी कि पिछले कुछ महीने से लगातार मुंह में छाले हो रहे हैं और गाल में सूजन आ गई है।
कई जगह इलाज कराने के बाद भी राहत नहीं मिल रही है। उसने यह भी जानकारी दी कि वह लंबे समय से गुटखा व पान मसाला का सेवन कर रहा था। बारीकी से जांच करने पर पता चला कि वह माउथ कैंसर से ग्रसित हो चुका है। उसकी हालत को देखते हुए ईएनटी डिपार्टमेंट की एचओडी डाक्टर आरती पांडेय, डाक्टर बीबी साहू, डाक्टर स्वेता मिल्टन, डाक्टर प्रतीक अग्रवाल ने आपातकालीन सर्जरी का निर्णय लिया। इसके बाद डाक्टर राकेश निगम, डाक्टर भावना रायजादा, डाक्टर प्रशांत पैकरा, डाक्टर मयंक अग्रवाल, डाक्टर सुरभि बंजारे, डाक्टर यशा तिवारी और डाक्टर अपर्णा मित्रा की टीम ने मिलकर सर्जरी कर मरीज के मुंह से कैंसर की गांठ निकाल दी।
ईएनटी डिपार्टमेंट की एचओडी डाक्टर आरती पांडेय ने बताया कि सर्जरी के बाद मरीज की हालत में लगातार सुधार आ रहा है। अभी मरीज एआइसीयू में भर्ती हैं। अब खतरे से बाहर है। जिसे आने वाले एक से डेढ़ सप्ताह में डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
लगातार ठीक हो रहे कैंसर पीड़ित
सिम्स में कैंसर डिपार्टमेंट और रेडियोथैरेपी के साथ कैंसर ओपीडी शुरू होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आसानी से कैंसर का उपचार मिलने लगा है। कैंसर के मरीजों की पहचान कर सर्जरी के माध्यम से उनकी जान बचाई जा रही है। मुंह के कैंसर के मरीजों को यहां स्तरीय उपचार मिल रहा है। इससे उन्हें उपचार के लिए दूसरे शहर नहीं जाना पड़ रहा है।