PM मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को मिली जान से मारने की धमकी, परिवार में दहशत

झाड़ग्राम | पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी खिलाकर चर्चा में आए झाड़ग्राम के दुकानदार बिक्रम साऊ को अब जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। बिक्रम का आरोप है कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल और व्हाट्सएप वीडियो कॉल आ रहे हैं।

धमकियों के बाद बिक्रम साऊ और उनका परिवार गहरे डर और तनाव में है। परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस से की है और सुरक्षा की मांग की है।

दरअसल, 19 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झाड़ग्राम में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। रैली के बाद लौटते समय पीएम मोदी अचानक सड़क किनारे झालमुड़ी बेचने वाले बिक्रम साऊ की दुकान पर रुक गए थे। प्रधानमंत्री ने बिक्रम के हाथ की बनी झालमुड़ी खाई और उनसे बातचीत भी की थी।

इस घटना के बाद बिक्रम साऊ की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। देखते ही देखते उनकी दुकान लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बन गई और बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचने लगे।

अब बिक्रम साऊ का कहना है कि यही लोकप्रियता उनके परिवार के लिए परेशानी का कारण बन गई है। उनका दावा है कि पिछले कुछ दिनों से विदेशों के नंबरों से लगातार कॉल कर गंभीर अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कॉल्स की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *