रायपुर | अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय मोतीलाल वोरा की पत्नी श्रीमती शांति वोरा का निधन हो गया है। वे 91 वर्ष की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। रविवार सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दुर्ग स्थित शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
शांति वोरा के निधन की खबर सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं सहित राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने शोक व्यक्त किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय मोतीलाल वोरा की धर्मपत्नी और दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा की माताश्री शांति वोरा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी शोक जताते हुए कहा कि शांति वोरा का निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और वोरा परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
शांति वोरा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय मोतीलाल वोरा की जीवनसंगिनी थीं। मोतीलाल वोरा अविभाजित मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के राज्यपाल और कांग्रेस संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। उनके पुत्र अरुण वोरा दुर्ग शहर से विधायक रह चुके हैं।
शांति वोरा के निधन से कांग्रेस सहित राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।