बिलासपुर | छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई की है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने करीब 55 किलो गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं और दो युवक शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के रीवा जा रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की टीम ने संदेह के आधार पर उन्हें पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 32 पैकेट में गांजा बरामद किया गया।
जीआरपी के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख 57 हजार रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा और मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल जीआरपी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि रेलवे के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।