लॉस एंजिल्स । क्रिकेट के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए नाइट राइडर्स ग्रुप ने अमेरिका के लॉस एंजिल्स में अपने नए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का आधिकारिक उद्घाटन किया। इस मौके पर बॉलीवुड सुपरस्टार और नाइट राइडर्स के सह-मालिक शाहरुख खान भी मौजूद रहे।
यह स्टेडियम लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स और वाशिंगटन फ्रीडम के बीच मेजर लीग क्रिकेट (MLC) मुकाबले के साथ औपचारिक रूप से शुरू किया गया। यह आयोजन क्रिकेट के अमेरिका में बढ़ते प्रभाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
फेयरप्लेक्स पोमोना में बनाए गए इस आधुनिक स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें आठ नेचुरल टर्फ विकेट, 120 फीट ऊंचे छह फ्लडलाइट टावर और अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।
इस अवसर पर शाहरुख खान ने अपने संबोधन में भारतीय क्रिकेट प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) का आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से बीसीसीआई सचिव जय शाह का धन्यवाद किया, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने में सहयोग दिया।
शाहरुख खान ने कहा कि यह परियोजना एक सपना थी, जो अब हकीकत बन चुकी है और यह स्टेडियम सिर्फ क्रिकेट नहीं बल्कि परिवारों और खेल प्रेमियों के लिए भी एक बड़ा मंच साबित होगा।
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा कि यह स्टेडियम अमेरिका में क्रिकेट के भविष्य के लिए एक मजबूत कदम है और इससे लॉस एंजिल्स एक प्रमुख क्रिकेट हब के रूप में उभर सकता है।
हालांकि उद्घाटन मैच में घरेलू टीम को वाशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस स्टेडियम के जरिए अमेरिका में क्रिकेट के विकास को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।