सीएम विष्णु देव साय ने सोठी आश्रम में की पूजा-अर्चना, एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी

जांजगीर-चांपा/रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले के सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का दौरा किया और वहां चल रही सेवा, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने आश्रम के कार्यों की सराहना करते हुए इसे मानवता, करुणा और संवेदना का जीवंत केंद्र बताया।

आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पदाधिकारियों और आश्रमवासियों ने आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने आश्रम प्रमुख श्री सुधीर देव से संस्थान की विभिन्न सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आश्रम केवल एक सेवा संस्थान नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद और उपेक्षित लोगों को गरिमा के साथ जीवन देने का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान भारतीय संस्कृति के “नर सेवा ही नारायण सेवा” के आदर्श को साकार करते हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित श्री सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सेवा कार्यों को नमन किया |

मुख्यमंत्री ने आश्रम के लिए नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि इससे मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने परिसर में गौसेवा करते हुए गौशाला का भी निरीक्षण किया और हरा चारा अर्पित किया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का निरीक्षण कर ओपीडी, आईसीयू, पैथोलॉजी, एक्स-रे और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर दिया।

उन्होंने धनवंतरी जनकल्याण समिति द्वारा संचालित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग वाहन का भी अवलोकन किया और कहा कि ऐसी पहलें ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत बनाती हैं।

कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *