सेवा संकल्प अभियान: वृद्धाश्रम पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल, 25 वरिष्ठजनों को बांटे वस्त्र-फल

अंबिकापुर । सेवा, संवेदना और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत अंबिकापुर के अजीरमा स्थित आस्था निकुंज वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों के सम्मान और सेवा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और नगर निगम महापौर मंजूषा भगत शामिल हुए।

इस दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने वृद्धाश्रम में रह रहे 25 वरिष्ठजनों को वस्त्र और फल वितरित किए। उन्होंने वरिष्ठजनों से आत्मीय संवाद कर उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी ली और उनके साथ समय बिताया।

वरिष्ठजन समाज के मार्गदर्शक: राजेश अग्रवाल

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठजन समाज के मार्गदर्शक और पथप्रदर्शक हैं। उनके जीवन का अनुभव, संघर्ष और जीवन मूल्य नई पीढ़ी के लिए अमूल्य धरोहर हैं।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों की सेवा और सम्मान केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवीय और नैतिक दायित्व भी है। उनके साथ कुछ समय बिताना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना बेहद आत्मीय अनुभव है।

सेवा को जनभागीदारी से जोड़ने की पहल

मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा और संवेदना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। जनभागीदारी के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब उसमें अपनत्व और संवेदना शामिल हो। वरिष्ठजनों की जरूरतों को समझना और उन्हें सम्मान देना भी सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है।

वस्त्र और फल पाकर खिले वरिष्ठजनों के चेहरे

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने अपने हाथों से वरिष्ठजनों को वस्त्र प्रदान किए। स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें फल भी वितरित किए गए। इस दौरान वरिष्ठजनों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान नजर आई।

मंत्री ने कहा कि वरिष्ठजनों के साथ समय बिताना और उनका स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त करना भावुक करने वाला अनुभव रहा।

युवाओं और सामाजिक संगठनों से आगे आने की अपील

राजेश अग्रवाल ने समाज के लोगों से अपनी क्षमता के अनुसार सेवा कार्यों में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सेवा कार्य भी किसी के जीवन में बड़ी खुशी ला सकते हैं।

उन्होंने युवाओं और सामाजिक संगठनों से वरिष्ठजनों, जरूरतमंदों और वंचित वर्गों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।

1993 से वरिष्ठजनों को मिल रहा आश्रय

अजीरमा स्थित आस्था निकुंज वृद्धाश्रम का संचालन रॉबर्ट कानन बाला स्मृति सेवा संस्थान द्वारा वर्ष 1993 से किया जा रहा है। संस्था को समाज कल्याण विभाग से अनुदान सहायता प्राप्त है और इसके माध्यम से वरिष्ठजनों को आश्रय एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, अपनत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।

कार्यक्रम में कलेक्टर अजीत वसंत, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, उपसंचालक समाज कल्याण, आश्रम के प्रबंधक सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *