रायपुर । एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक जीतने के बाद छत्तीसगढ़ में भी खुशी की लहर है। टीम की सदस्य और कोरबा की बेटी संजू देवी की इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें फोन कर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने संजू देवी से फोन पर आत्मीय बातचीत की और एशियन गेम्स में उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि संजू की सफलता से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
‘आपने देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से कहा कि अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता हर देशवासी के लिए गर्व का क्षण है। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ की बेटी की महत्वपूर्ण भूमिका प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।
बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनीं संजू
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल समेत हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने अपनी मेहनत और खेल कौशल के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि संजू देवी की उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। जो युवा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देख रहे हैं, उनके लिए संजू की सफलता एक उदाहरण है।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के गांवों, आदिवासी क्षेत्रों और छोटे शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर सकें।
ईरान को हराकर भारत ने जीता गोल्ड
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम की इस स्वर्णिम सफलता में कोरबा की संजू देवी भी टीम की सदस्य के तौर पर शामिल रहीं।
मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपने शानदार प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।