हैदराबाद में यूट्यूबर की हत्या से सनसनी, प्रेम विवाह बना विवाद की वजह? पुलिस जांच में जुटी

हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक यूट्यूबर और इलेक्ट्रीशियन की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। गोलकोंडा थाना क्षेत्र के कुमारवाड़ी इलाके में 30 वर्षीय शेख महबूब, जिन्हें सोशल मीडिया पर चांदी मसूद के नाम से जाना जाता था, की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3:20 बजे की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जुमे की नमाज के बाद घर लौट रहे महबूब का कुछ लोगों ने पीछा किया। खतरे का अंदेशा होने पर वह घर के अंदर चले गए, लेकिन हमलावर भी उनके पीछे घर में घुस गए।

आरोप है कि घर के अंदर घुसकर हमलावरों ने महबूब पर चाकू से कई वार किए। हमले में लोहे की रॉड और अन्य सामानों का भी इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शुरुआती जांच में शेख सोहेल का नाम सामने आने की बात कही है, जो मृतक की पत्नी का भाई बताया जा रहा है। इसके अलावा अफू और जाबिर नाम के दो अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, महबूब ने करीब डेढ़ साल पहले परिवार की सहमति के बिना प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एडिशनल डीसीपी कृष्णा गौड़ ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस जल्द ही हत्या की असली वजह और पूरी साजिश का खुलासा करने की कोशिश कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *