नई दिल्ली। रेलवे भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की परीक्षाओं में अब तकनीक आधारित व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई अहम निर्देश दिए हैं।
रेल मंत्री ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नई दिल्ली में हुई समीक्षा बैठक में कहा कि रेलवे की विभागीय परीक्षाओं को पूरी तरह कंप्यूटर आधारित (CBT) किया जाए और जहां संभव हो, वहां टैबलेट बेस्ड टेस्टिंग (TBT) का दायरा बढ़ाया जाए।
रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षाएं वर्तमान में अधिकतर CBT यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट मोड में आयोजित होती हैं। अब इसके साथ TBT मोड को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
TBT यानी टैबलेट बेस्ड टेस्टिंग में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर कंप्यूटर की जगह टचस्क्रीन टैबलेट उपलब्ध कराया जाएगा। उम्मीदवार स्क्रीन पर प्रश्न पढ़कर टच के जरिए उत्तर दर्ज कर सकेंगे। इस प्रणाली में प्रश्नों को सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड रखा जाता है, जिससे परीक्षा प्रक्रिया ज्यादा सुरक्षित मानी जाती है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, डिजिटल परीक्षा प्रणाली से भर्ती प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और अधिक भरोसेमंद बनेगी। इससे लाखों अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में बेहतर सुविधा मिलेगी।
रेल मंत्री ने अधिकारियों को आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि भर्ती परीक्षाओं में ऐसी व्यवस्था लागू की जाए, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना कम हो और उम्मीदवारों को निष्पक्ष अवसर मिल सके।