इंदौर। वरिष्ठ पत्रकार और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित अभय छजलानी जी का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वे 88 वर्ष के थे। अभय जी के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर फैल गई। शाम 5 बजे इंदौर के रिजनल पार्क मुक्तिधाम में उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा, वरिष्ठ पत्रकार, पद्मश्री अभय छजलानी जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। आपका अवसान पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। ।।ॐ शांति।।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर कहा, मेरे परिवार समान, पद्मश्री से अलंकृत मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार अभय छजलानी के निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। भगवान उन्हें वैकुण्ठ धाम में स्थान दे और उनके परिजनों और प्रशंसकों को इस आघात को सहने की शक्ति प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं। ॐ शांति।