बलौदाबाजार। बलौदाबाजार निवासी अंशुल माहेश्वरी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ शासन की प्रतियोगी परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करते हुए उनका चयन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) में उप अभियंता के पद पर हुआ है।
अंशुल माहेश्वरी इससे पहले ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग में कार्यरत थे। नौकरी के साथ अपनी तैयारी जारी रखते हुए उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की और मेरिट सूची में स्थान बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
शुरू से रहे मेधावी छात्र
अंशुल माहेश्वरी शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि के पीछे मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अंशुल माहेश्वरी सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी सुनील माहेश्वरी एवं शिवानी माहेश्वरी, महावीर नगर, रायपुर के सुपुत्र हैं। वे अरुण, प्रदीप एवं दिलीप माहेश्वरी के भतीजे हैं।
परिवार में खुशी का माहौल
अंशुल के उप अभियंता पद पर चयन की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। परिवारजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अंशुल की यह उपलब्धि युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है कि निरंतर मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है।