केंद्रीय विद्यालय बीजापुर में संविदा शिक्षकों की भर्ती, 12 अक्टूबर को वॉक-इन इंटरव्यू

बीजापुर। केंद्रीय विद्यालय बीजापुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अंशकालिक एवं अनुबंधित आधार पर संविदा शिक्षकों का पैनल तैयार करने के लिए 12 अक्टूबर 2026 को वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार विद्यालय परिसर में होगा।

विद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थियों का पंजीयन सुबह 8:30 बजे से 10:00 बजे तक किया जाएगा, जबकि साक्षात्कार सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा।

इन पदों के लिए होगा साक्षात्कार

वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से निम्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का पैनल तैयार किया जाएगा:

  • पीजीटी हिंदी

  • पीजीटी गणित

  • टीजीटी गणित

  • प्राथमिक शिक्षक

  • काउंसलर

  • विशेष शिक्षक (प्राथमिक)

  • योग कोच

KVS के मानदंडों के अनुसार होनी चाहिए योग्यता

विद्यालय प्रशासन के अनुसार अभ्यर्थियों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) के निर्धारित मानदंडों के अनुरूप होनी चाहिए। B.Ed. एवं CTET योग्यताधारी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इन योग्यताओं वाले अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में गैर-CTET/B.Ed. अभ्यर्थियों पर नियमानुसार विचार किया जा सकता है।

विद्यालय ने स्पष्ट किया है कि विलंब से पहुंचने वाले अथवा निर्धारित योग्यता पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

आवेदन पत्र और दस्तावेज जरूरी

इच्छुक अभ्यर्थी विद्यालय की वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर उसे पूरी तरह भरकर 12 अक्टूबर को पंजीयन के समय आवश्यक दस्तावेजों के साथ विद्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को KVS संविदा साथी पोर्टल पर पंजीकरण कर संबंधित पद के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए गए हैं।

चयन नियुक्ति की गारंटी नहीं

विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वॉक-इन इंटरव्यू में चयनित होकर पैनल में शामिल होना नियुक्ति का अंतिम अधिकार नहीं माना जाएगा। नियुक्ति विद्यालय की आवश्यकता और KVS के नियमों के अनुसार की जाएगी।

साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या दैनिक भत्ता देय नहीं होगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *