छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को नमन: डॉ. तीजन बाई के श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा प्रशासन

रायपुर/गनियारी । छत्तीसगढ़ की महान लोक कलाकार और पद्म विभूषण से सम्मानित विश्वविख्यात पंडवानी गायिका स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई के दशगात्र एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव बुधवार को उनके गृहग्राम गनियारी पहुंचे।

मंत्री यादव ने डॉ. तीजन बाई के निवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवारजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार 14 जुलाई को आयोजित होने वाले दशगात्र एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर परिवारजनों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ चर्चा की।

इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि डॉ. तीजन बाई का निधन छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपनी अनूठी पंडवानी गायन शैली से छत्तीसगढ़ की लोककला को देश-विदेश में पहचान दिलाई। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।

मंत्री यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धांजलि कार्यक्रम में आने वाले बड़ी संख्या में प्रशंसकों, कलाकारों और आम नागरिकों को ध्यान में रखते हुए बैठक व्यवस्था, भोजन, यातायात और अन्य सभी आवश्यक इंतजाम बेहतर तरीके से किए जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की ओर से कार्यक्रम को गरिमामय और सुव्यवस्थित बनाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर महापौर निर्मल कोसरे, ग्रामवासी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *