सलमान खान ने ‘काला हिरण’ को नोटिस भेजा, प्रोड्यूसर बोले – “ये मेरी बायोपिक नहीं”

मुंबई | बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने प्रोड्यूसर अमित जानी को फिल्म काला हिरण को लेकर नोटिस भेजा है। सलमान ने अपने नोटिस में कहा कि फिल्म में उन्हें नेगेटिव तरीके से दिखाया गया है और इसके लिए उन्होंने मेकर्स को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। अगर इस दौरान फिल्म से संबंधित कंटेंट हटाया नहीं गया तो सलमान कानूनी कार्रवाई करेंगे।

नोटिस मिलने के बाद प्रोड्यूसर अमित जानी ने मीडिया से बातचीत में सफाई दी। उन्होंने कहा,
“काला हिरण सलमान खान की बायोपिक नहीं है। फिल्म केवल उन्हीं जानकारियों पर आधारित है, जो पहले से पब्लिक डोमेन में मौजूद हैं। इसका फोकस बिश्नोई समाज की कहानी और उनका स्ट्रगल है। इसमें सलमान या लॉरेंस बिश्नोई को नेगेटिव या पॉजिटिव रूप में पेश नहीं किया गया।”

अमित जानी ने आगे कहा कि फिल्म में केवल ब्लैकबक कांड से जुड़े लोगों के नजरिए को दिखाया गया है, न कि सलमान जैसे आरोपियों का। उन्होंने कहा, “जब किसी सच्ची घटना पर फिल्म बनाई जाती है, तो कहानी अक्सर विक्टिम और गवाहों की नजर से दिखाई जाती है। ‘काला हिरण’ में भी यही किया गया है।”

प्रोड्यूसर ने यह भी बताया कि अब तक उन्होंने केवल फिल्म का पोस्टर ही रिलीज किया है और टीज़र 20 जून को जारी किया जाएगा। अमित जानी ने कहा कि सलमान का नोटिस उन्हें अनावश्यक लगा और इस पर वे काफी हैरान हैं।

काला हिरण फिल्म बिश्नोई समाज से जुड़ी एक सच्ची घटना पर आधारित है और इसमें उनके इतिहास, विश्वास और संघर्ष को प्रमुख रूप से दिखाया गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *