मुंबई/गुजरात। अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने सलीम इस्माइल डोला और उसके सहयोगियों से जुड़े मुंबई और गुजरात में करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की है।
ईडी के अनुसार यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत की जा रही है। जांच का फोकस ड्रग्स की अवैध कमाई, हवाला नेटवर्क और बेनामी संपत्तियों पर है।
जांच एजेंसियों का दावा है कि यह नेटवर्क कई देशों में फैला हुआ है और इसमें सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण, सप्लाई और तस्करी से जुड़े लोग शामिल हैं। इस रैकेट के जरिए हजारों करोड़ रुपये के अवैध कारोबार की आशंका जताई जा रही है।
छापेमारी के दौरान ईडी की टीमों ने दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम सबूत जुटाए हैं। एजेंसी का कहना है कि हवाला चैनलों के जरिए पैसे को अलग-अलग जगहों पर ट्रांसफर कर उसकी पहचान छिपाई जाती थी।
अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल सप्लायर, बिचौलिए, मेफेड्रोन (एमडी) के निर्माता और तस्कर, साथ ही हवाला ऑपरेटर भी जांच के दायरे में हैं।
ईडी इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियां व खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।