दिल्ली में 8 जून को INDIA ब्लॉक की बैठक संभव, विपक्षी रणनीति और एकजुटता पर मंथन

नई दिल्ली। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A (Indian National Developmental Inclusive Alliance) के वरिष्ठ नेता 8 जून को दिल्ली में बैठक कर सकते हैं। बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे शामिल होने की संभावना है।

बैठक का मुख्य उद्देश्य भाजपा नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ विपक्षी एकजुटता को मजबूत करना और आगामी चुनावों के लिए रणनीति तय करना होगा। इसके अलावा हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों और कई राज्यों में बदलते राजनीतिक समीकरणों पर भी चर्चा हो सकती है।

हालांकि, कुछ दल इस बैठक से दूरी बनाए हुए हैं। तमिलनाडु में कांग्रेस के समर्थन के चलते डीएमके की भागीदारी संदिग्ध है। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) ने पहले ही गठबंधन से दूरी बनाकर बैठक में शामिल न होने का ऐलान किया है।

इंडिया ब्लॉक की पहली बैठक 23 जून 2023 को पटना में हुई थी, जिसमें विपक्ष के 15 दल शामिल हुए थे। उस समय यह बैठक 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सरकार का सामना करने और विपक्ष को संगठित करने के लिए आयोजित की गई थी।

लोकसभा चुनाव में I.N.D.I.A गठबंधन को कुल 234 सीटें मिली थीं, जिसमें कांग्रेस की 99, समाजवादी पार्टी की 37 और तृणमूल कांग्रेस की 29 सीटें शामिल थीं। बहुमत का आंकड़ा 272 सीटें है।

इस बैठक के जरिए विपक्षी दल आगामी चुनाव रणनीति, सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों पर एक साझा दृष्टिकोण बनाने की कोशिश करेंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *