सक्ती को मिली 121.70 करोड़ की सौगात, शिवराज-साय ने 38 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

रायपुर । सक्ती जिले के विकास को नई गति देने के लिए शुक्रवार को ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में जिले को करीब 121.70 करोड़ रुपये के 38 विकास कार्यों की सौगात मिली। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

कुल 38 कार्यों में करीब 79.25 करोड़ रुपये की लागत वाले 23 कार्यों का भूमिपूजन और लगभग 42.46 करोड़ रुपये की लागत वाले 15 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में सड़क संपर्क मजबूत होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक सुविधाओं और ग्रामीण अधोसंरचना का विस्तार होगा।

सड़क संपर्क को मिलेगा विस्तार

भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में करीब 25.82 करोड़ रुपये की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शामिल है। इसके अलावा करीब 15.30 करोड़ रुपये की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य की आधारशिला रखी गई।

अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया तक सड़क, नगझर-नवापारा मार्ग और गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग समेत अन्य सड़क परियोजनाओं का भी भूमिपूजन किया गया।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर

जिले में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का भूमिपूजन किया गया।

वहीं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए विभिन्न ग्रामों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों और महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण की आधारशिला रखी गई।

कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं जनता को समर्पित

लोकार्पित प्रमुख कार्यों में मालखरौदा क्षेत्र में करीब 14.35 करोड़ रुपये की लागत से कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क तथा करीब 11.35 करोड़ रुपये की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण शामिल है। इसके साथ ही बुंदेली-अड़भार मार्ग का भी लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप, चंद्रपुर और हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चंद्रपुर और जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन, अड़भार पुलिस चौकी भवन, सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन तथा गोबरा में महतारी सदन सहित कई अन्य विकास कार्य जनता को समर्पित किए गए।

विकास कार्यों से बदलेगी तस्वीर

इन परियोजनाओं के माध्यम से जिले में बेहतर सड़क संपर्क, आधुनिक शैक्षणिक संस्थान, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, मजबूत प्रशासनिक ढांचा और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विकास सुनिश्चित होने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि इन कार्यों से सक्ती जिले के विकास को गति मिलने के साथ आम लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *