रायपुर । राज्यपाल रमेन डेका से आज लोक भवन में सर्वोदय शांति पदयात्रा से जुड़े संतों ने सौजन्य भेंट की। यह प्रतिनिधिमंडल जैन मुनि राष्ट्र संत डॉ. मणिभद्र महाराज के नेतृत्व में पहुंचा।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ आगमन पर संतों का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि संत समाज के विचार और जीवन मूल्य समाज में शांति, सद्भाव, नैतिकता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राज्यपाल ने सर्वोदय शांति पदयात्रा को सामाजिक समरसता, अहिंसा और विश्व बंधुत्व का प्रेरक अभियान बताते हुए इसकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि यह पदयात्रा नेपाल से प्रारंभ होकर लगभग 1600 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए छत्तीसगढ़ पहुंची है। इसका उद्देश्य जन-जन तक शांति, अहिंसा और मानवीय मूल्यों का संदेश पहुंचाना है।
इस अवसर पर श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन श्रमण संघ, रायपुर के अध्यक्ष अशोक पटवा, कार्यकारिणी अध्यक्ष विनय पटवा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।