जशपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिले में आधारभूत अधोसंरचना को मजबूत करने और बेहतर यातायात सुविधाएं विकसित करने के प्रयासों के तहत दुलदुला एवं बंदरचुवा में आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
इसी क्रम में कलेक्टर रोहित व्यास ने गुरुवार को दोनों निर्माणाधीन बस स्टैंडों का निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में बन रही दुकानों, शौचालयों, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हों, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बस स्टैंड को केवल वाहनों के ठहराव स्थल के रूप में नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिसर के रूप में विकसित किया जाए। यात्रियों के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
लगभग ₹1-1 करोड़ की लागत से बन रहे इन दोनों बस स्टैंडों के पूर्ण होने पर जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव मार्गों पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
जिला प्रशासन ने निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कर आमजन के उपयोग हेतु समर्पित किया जाए, ताकि विकास कार्यों का लाभ जल्द से जल्द लोगों तक पहुंच सके।