1 अगस्त से दिल्ली में फ्री बस सफर के नियम बदले, बिना पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं मिलेगा लाभ

नई दिल्ली। दिल्ली की महिला यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। 1 अगस्त 2026 से डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा केवल पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (Pink Saheli Smart Card) के जरिए ही मिलेगी। दिल्ली सरकार ने पिंक टिकट व्यवस्था को 31 जुलाई के बाद बंद करने का फैसला लिया है।

डीटीसी अधिकारियों के अनुसार, अब तक करीब 17 लाख महिलाओं ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए पंजीकरण करा लिया है। जिन महिलाओं ने अभी तक कार्ड नहीं बनवाया है, उन्हें जल्द आवेदन करने की सलाह दी गई है। बिना स्मार्ट कार्ड के महिलाओं को बस में सामान्य यात्रियों की तरह किराया देकर यात्रा करनी होगी।

दिल्ली पते वाले आधार कार्ड की जरूरत

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए महिला यात्री के पास दिल्ली के पते वाला आधार कार्ड होना अनिवार्य है। इसके चलते दिल्ली में रहने वाली लेकिन अन्य राज्यों के पते वाले आधार कार्ड रखने वाली महिलाएं इस योजना का लाभ नहीं ले पाएंगी।

78 केंद्रों पर जारी रहेगी कार्ड बनाने की सुविधा

दिल्ली सरकार ने बताया कि पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। इसके लिए राजधानी में 78 निर्धारित केंद्रों पर आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। डीटीसी के प्रमुख डिपो, पास सेक्शन और अन्य स्थानों पर कार्ड बनाने की व्यवस्था की गई है।

बस में ऐसे मिलेगा मुफ्त टिकट

नई व्यवस्था के तहत महिला यात्री को बस में चढ़ने के बाद कंडक्टर को अपना गंतव्य बताना होगा। इसके बाद कंडक्टर इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ETM) में यात्रा की जानकारी दर्ज करेगा और महिला यात्री अपना पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड मशीन पर टैप करेगी। इसके बाद मुफ्त टिकट जारी हो जाएगा और यात्रा का रिकॉर्ड डिजिटल सिस्टम में दर्ज हो जाएगा।

फर्जीवाड़े पर लगेगी रोक

डीटीसी अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट कार्ड व्यवस्था लागू होने से मुफ्त यात्रा योजना में पारदर्शिता बढ़ेगी। इससे फर्जी टिकट, कार्ड के दुरुपयोग और गलत रिकॉर्ड जैसी समस्याओं पर नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने महिलाओं से अपील की है कि जिन लोगों ने अभी तक कार्ड नहीं बनवाया है, वे जल्द पंजीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि सरकार सभी पात्र महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा सुविधा जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *